Breking News सिंगरौली में बड़ा सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर, कई यात्री घायल
बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव में हिंडालको गेट नंबर-3 के आगे सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया।

सिंगरौली ज़िले के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़ोखर गांव में हिंडालको गेट नंबर-3 के आगे सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार से आ रही संजय ट्रेवल्स की बस और एक ट्रैक्टर में आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

इस टक्कर में दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए, लेकिन बस में सफर कर रहे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रवाना किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,
बस तेज रफ्तार में होने के कारण चालक अचानक सामने आए ट्रैक्टर को काबू नहीं कर पाया और भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। घायलों की पहचान और उनकी हालत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में आए दिन तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करवाने की मांग की है।















