सिंगरौली: मोरवा छठ घाट पर नदी से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी

सिंगरौली: मोरवा छठ घाट पर नदी से मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
सिंगरौली, 3 जुलाई। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना अंतर्गत मढौली छठ घाट पर गुरुवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव नदी में उतराता हुआ मिला, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सुबह नदी किनारे पहुंचे स्थानीय लोगों ने शव को देख तुरंत पुलिस को सूचना दी।जानकारी मिलते ही मोरवा निरीक्षक द्वारा पुलिस बल मौके पर भेजा गया, जिन्होंने काफी मशक्कत के बाद शव को नदी से बाहर निकाला। बाद में मृतक की पहचान सुनील गुप्ता, पिता अशोक गुप्ता के रूप में की गई है। प्रारंभिक जांच में अनुमान लगाया जा रहा है कि व्यक्ति की मौत 2 से 3 दिन पूर्व हुई होगी। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक एक मजदूर हो सकता है, और आशंका जताई जा रही है कि वह शराब के नशे में नदी में गिर गया होगा। हालांकि, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और व्यक्ति की गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह हादसा था या फिर इसके पीछे कोई और वजह है।