Singrauli News – रमपुरवा में रेत माफिया साहू सक्रिय पुलिस संरक्षण में फल-फूल रहा अवैध कारोबार
ग्रामीणों का आरोप है कि साहू खुलेआम ट्रैक्टरों से अवैध रेत का भंडारण और कारोबार कर रहा है

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। जिले के रामपुरवा गांव में कुख्यात रेत माफिया राम अवध साहू एक बार फिर सक्रिय हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि साहू खुलेआम ट्रैक्टरों से अवैध रेत का भंडारण और कारोबार कर रहा है। गांव की गलियों से लेकर मुख्य सड़कों तक ट्रैक्टर बेधड़क दौड़ रहे हैं, लेकिन पुलिस की ओर से किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं हो रही।
बरगवां थाना प्रभारी पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि पूरे मामले में बरगवां थाना प्रभारी और कुछ पुलिसकर्मियों का संरक्षण मिल रहा है। यही वजह है कि साहू का अवैध धंधा लगातार बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक शिकायतें कई बार की गईं, लेकिन कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन मिला।
गांव में तनाव का माहौल
गांव के लोग बताते हैं कि ट्रैक्टरों के लगातार परिचालन से सड़कों की हालत जर्जर हो चुकी है। वहीं, अवैध खनन से नदियों का अस्तित्व खतरे में है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर इस पर रोक नहीं लगी तो आने वाले समय में हालात और गंभीर हो जाएंगे। कई लोग तो यह भी कहते हैं कि रेत माफिया के डर से कोई खुलकर आवाज़ तक नहीं उठा पाता।
एसपी से सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने अब सीधे सिंगरौली एसपी से हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि जिले में पुलिस की नाक के नीचे अगर इतना बड़ा अवैध कारोबार हो रहा है तो इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। ग्रामीण चाहते हैं कि रेत माफिया साहू पर तुरंत कार्रवाई हो और इसमें लिप्त अधिकारियों की भूमिका भी जांची जाए।
प्रशासन की चुप्पी पर सवाल
रेत कारोबार से न सिर्फ सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है बल्कि पर्यावरण और ग्रामीणों का जीवन भी प्रभावित हो रहा है। बावजूद इसके जिला प्रशासन और खनिज विभाग चुप्पी साधे हुए हैं। लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर कब तक इस तरह का अवैध खेल जिले में चलता रहेगा?















