road accident news: मार्सल ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, नाना-नाती की दर्दनाक मौत
चितरंगी थाना क्षेत्र के बसनिया में शनिवार दोपहर हुआ हादसा

जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र के बसनिया गांव में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार मार्सल वाहन की बाइक से जोरदार टक्कर में बाइक सवार नाना और नाती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
चितरंगी थाना प्रभारी सुधेश कुमार तिवारी ने जानकारी दी कि शनिवार दोपहर लगभग 1:45 बजे बसनिया गांव के पास यह हादसा हुआ। बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बाइक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और सवार दोनों लोग सड़क पर गिरते ही मौके पर दम तोड़ दिये।
हादसे में जिनकी मौत हुई उनकी पहचान गुल्लू प्रसाद (32 वर्ष), पिता महिपाल सिंह और उनके नाना रामधनी (66 वर्ष), पिता महीप गौड़ निवासी गेरुई थाना चितरंगी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुल्लू प्रसाद और रामधनी अपने निजी कार्य से मोरवा से बाइक पर अपने गांव गेरूई की ओर जा रहे थे।
चालक गिरफ्तार, बोलेरो जब्त
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाले बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया है। वाहन चालक संत कुमार सिंह गौड़, निवासी शेरवा थाना चितरंगी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों शवों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण हेतु भेज दिया है। फिलहाल प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों ने कहा कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क पर गति नियंत्रण और निगरानी की मांग की है। नाना-नाती की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।















