वरिष्ठ कांग्रेस नेता व प्रथम जनपद अध्यक्ष जगमोहन सिंह का निधन
कांग्रेस नेताओं ने किया श्रद्धा सुमन अर्पित, क्षेत्र में शोक की लहर

सिंगरौली। जिले के प्रथम जनपद अध्यक्ष और वरिष्ठ आदिवासी कांग्रेस नेता जगमोहन सिंह के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी शहर सिंगरौली के अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान उनके गृह ग्राम भैंसा मुड़ा पहुंचे और पार्थिव शरीर पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पार्टी का ध्वज भी उनके शरीर पर अर्पित किया।
90 वर्षीय जगमोहन सिंह ने अपना पूरा जीवन सेवा और सादगी को समर्पित किया। वह एक प्रखर, निर्विवाद और समाजसेवी जनप्रतिनिधि रहे। उन्होंने लगातार 40 वर्षों तक फलाहार करके जीवन बिताया और अंग्रेजी दवाइयों से दूरी बनाए रखी। सहजता और संतुलन के साथ उन्होंने अंतिम समय तक अपनी जीवन यात्रा पूरी की। गौरतलब है कि इसी महीने 6 सितंबर को जगमोहन सिंह ने जिला कांग्रेस कार्यालय सिंगरौली का फीता काटकर शुभारंभ किया था। उनके निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में गहरी शोक की लहर है।कांग्रेस नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने उनके इकलौते पुत्र तेजबहादुर से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस अवसर पर रूपेश चंद्र पांडेय (जिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष), बी.एन. त्रिपाठी (पूर्व सचिव, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी), सरपंच बबन प्रजापति, कांग्रेस नेता मोहम्मद कुद्दूश, ग्रामवासी और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।