Singrauli News – ग्राम पड़री में पत्रकार लाले विश्वकर्मा के नेतृत्व में हुई दुर्गा पूजा की भव्य स्थापना, समिति के कार्यकर्ताओं की रही अहम भूमिका
जिले के ग्राम पड़री में इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ किया गया

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। जिले के ग्राम पड़री में इस वर्ष भी दुर्गा पूजा का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ किया गया। 22 सितंबर 2025 को मां दुर्गा की प्रतिमा की स्थापना बड़े ही विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ सम्पन्न हुई। इस आयोजन का नेतृत्व पत्रकार एवं समिति प्रमुख लाले विश्वकर्मा ने किया। उनके नेतृत्व में दुर्गा पूजा समिति ने भव्य और ऐतिहासिक आयोजन कर पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
पूजा पंडाल में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही आसपास के गांवों और कस्बों से भक्तों का आना शुरू हो गया था। समिति द्वारा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया, वहीं भक्तों की सुविधा के लिए सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।
इस आयोजन को सफल बनाने में समिति के सक्रिय कार्यकर्ताओं का भी बड़ा योगदान रहा। इनमें सतीश विश्वकर्मा, अनिल, मनोज, बबलू, नितीश, संजय, सूरज, नीरज, विनोद, लाला, दिलीप सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने विशेष भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर पूजा स्थल की व्यवस्था, सजावट, भक्तों के बैठने की व्यवस्था और प्रसाद वितरण तक की जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
पत्रकार लाले विश्वकर्मा ने बताया कि पड़री की दुर्गा पूजा सिर्फ धार्मिक आयोजन नहीं है बल्कि यह गांव और जिले के लिए सामाजिक एकता और भाईचारे का प्रतीक है। यहां हर वर्ग और हर आयु वर्ग के लोग एकजुट होकर भाग लेते हैं।
पूरे आयोजन के दौरान प्रतिदिन सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रसाद वितरण आयोजित किए जाएंगे। दशहरा तक चलने वाले इस महोत्सव में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
ग्रामवासियों का कहना है कि पड़री की दुर्गा पूजा जिले की सबसे अनुशासित और भव्य पूजाओं में गिनी जाती है। लाले विश्वकर्मा और उनकी समिति हर साल इस आयोजन को और अधिक आकर्षक एवं व्यवस्थित बनाती है।
मां दुर्गा की स्थापना ने पूरे ग्राम पड़री को भक्तिमय माहौल से सराबोर कर दिया है और आने वाले दिनों में यहां और भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ने वाले हैं।