Singrauli News श्रद्धा, संस्कृति और संकल्पः हिंडालको महान में दुर्गा पूजन व रामलीला मंचन से सजी नवरात्रि

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। नवरात्रि के छठवें दिन हिंडालको महान परिसर श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा। सुबह से ही जय माता दी के उद्घोष गूंजे और माँ दुर्गा की विधि-विधान से पूजा कर मूर्ति स्थापित की गई। पंडाल में स्थापित माँ दुर्गा की प्रतिमा का भव्य श्रृंगार हुआ, महिलाओं ने कलश पूजन किया और युवतियों ने भजनों व स्तुति से वातावरण को भक्तिमय बनाया।
इस अवसर पर इकाई प्रमुख एस. सेंथिलनाथ, एचआर हेड डॉ. विवेकानंद मिश्रा, पावर प्लांट हेड प्रांजल पाठक, वित्त प्रमुख रोहित, मैकेनिकल हेड आदर्श, जनसंपर्क प्रमुख संजय सिंह समेत अन्य शीर्ष प्रबंधकों ने अपने पूरे परिवार के साथ आरती कर मंगलकामना की।
शाम को श्री रामलीला परिषद महान के तत्वावधान में रामलीला मंचन हुआ। कुंभकरण वध, मेघनाथ यज्ञ विध्वंस जैसे प्रसंगों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कर्मियों की जीवंत प्रस्तुति पर दर्शक जयकारों और तालियों से गूंज उठे।
महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ दिनभर का आयोजन भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। नवरात्रि पर्व ने असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का संदेश देते हुए जय श्रीराम के जयघोष के साथ वातावरण को देर रात तक गुंजायमान रखा।















