Singrauli News: जेई की मनमानी से बरगवां में बिजली की आंख मिचौली, जनता त्रस्त
दिन हो या रात्रि, बिजली का आना जाना लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली जनपद के बरगवां क्षेत्र में विद्युत अव्यवस्था लगातार जारी है। दिन हो या रात्रि, बिजली का आना जाना लोगों के लिए मुसीबत बन चुका है। खासकर रात के समय बिजली कटौती किसी परेशानी से कम नहीं है। इससे इलाके में रहने वाले लोग अत्यधिक परेशान हैं और विद्युत विभाग के प्रति रोष प्रकट कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कभी-कभी बिजली हर दो मिनट बाद चली जाती है और दो मिनट बाद ही वापस आ जाती है। वहीं, कई बार घंटों तक बिजली गायब रहती है। दिन में तो लोग कुछ हद तक इस समस्या को सह लेते हैं, लेकिन रात में लगातार बिजली कटने से लोगों की नींद चौपट हो रही है।
जनता का आरोप है कि बरगवां क्षेत्र में जेई (जूनियर इंजीनियर) की मनमानी और लापरवाही के कारण यह समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। बिजली की इस आंख मिचौली से न सिर्फ लोगों की दैनिक जिंदगी प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई और घर के अन्य काम भी प्रभावित हो रहे हैं।
स्थानीय निवासियों ने विद्युत विभाग से तत्काल प्रभाव से बिजली व्यवस्था सुचारू करने और जेई की मनमानी पर अंकुश लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो जनता आंदोलन करने को मजबूर हो सकती है।
बरगवां की जनता इस समय बिजली संकट से जूझ रही है और उम्मीद कर रही है कि विद्युत विभाग उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान निकाले।















