Singrauli News एक्स गर्लफ्रेंड की धमकी से तंग आकर फांसी पर झूला युवक
सुसाइड नोट में खुलासा - प्रेमिका पैसे लेकर दूसरे से करना चाहती थी शादी, परिजनों ने कोतवाली में शव रखकर किया प्रदर्शन

By सोनू विश्वकर्मा
वैढ़नसिंगरौली। कोतवाली थाना क्षेत्र के बलियारी इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 20 वर्षीय युवक प्रेम कुमार शाह ने अपनी पूर्व प्रेमिका और उसके परिवार की ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट ने इस मामले को और भी गंभीर बना दिया है, जिसमें उसने अपनी एक्स गर्लफ्रेंड सीमा केवट, उसके पिता और भाई पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
सुसाइड नोट में प्रेम कुमार ने लिखा है- मेरे मरने का कारण मेरी एक्स गर्लफ्रेंड सीमा केवट, उसके पिता, भाई और उसका बॉयफ्रेंड सुरेश केवट हैं। वे मुझे लगातार धमकाते थे कि अगर 5 लाख रुपये नहीं दिए, तो मुझे रेप केस में फंसा देंगे और जान से मार देंगे। सीमा अपने बॉयफ्रेंड सुरेश से शादी करना चाहती थी और पैसों की मांग उसी के लिए कर रही थी।
युवक की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने कोतवाली थाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने कहा कि यदि लड़के पर आरोप लगते हैं तो पुलिस तुरंत कार्रवाई करती है, तो इस मामले में भी लड़की और उसके परिवार पर उतनी ही कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।
घटना स्थल पर जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीओपी, थाना प्रभारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मौके से बरामद सुसाइड नोट को फॉरेंसिक हैंडराइटिंग जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पुष्टि हो सके कि नोट युवक ने ही लिखा है।
परिजनों का आरोप – पुलिस ने की लापरवाही मृतक के परिजनों का कहना है कि प्रेम कुमार ने मृतक-प्रम कुमार शाह कुछ दिन पहले ही सीमा और उसके परिवार की धमकियों को लेकर पुलिस से शिकायत करने की बात कही थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने संज्ञान लिया होता, तो आज यह नौबत नहीं आती। इस संबंध में नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते ने बताया कि युवक ने सुसाइड से पहले एक सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें कुछ लोगों के नाम दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी संबंधित लोगों से पूछताछ की जाएगी। परस्ते ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए गए तो दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद शोक में डूबा परिवार
प्रेम कुमार की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि प्रेम स्वभाव से शांत और मेहनती युवक था। वह परिवार का सहारा था। उसकी मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। घटना का वीडियो से और सुसाइड नोट का अंश सोशल मीडिया पर तेजी वायरल हो रहा है। कई लोग इसे सामाजिक संवेदनहीनता और ब्लैकमेलिंग के खतरनाक परिणाम के रूप में देख रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिया है, वहीं लोगों की नजर अब इस बात पर टिकी है कि आखिर इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है।















