Singrauli News डेढ़ साल से फरार 10,000 का इनामी आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख का लूटा हुआ सामान बरामद

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। थाना बैढ़न पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने डेढ़ साल से फरार 10,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रामकुमार गुप्ता उर्फ श्रीराम शाह उर्फ लम्बू (26 वर्ष) निवासी दर्रीपारा थाना भैयाथान जिला सूरजपुर (छत्तीसगढ़), हाल निवासी तुर्रा थाना पिपरी जिला सोनभद्र (उ.प्र.) के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश और नगर पुलिस अधीक्षक पी.एस. परस्ते के मार्गदर्शन में गठित टीम ने आरोपी को 9 अक्टूबर 2025 को एनसीएल ग्राउंड बिलौजी से पकड़ा। आरोपी पर थाना बैढ़न में दर्ज धारा 376, 366, 506 भादवि एवं बीएनएस की अन्य धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध था। आरोपी ने पूछताछ में वर्ष 2024 में अंबेडकर चौक बैढ़न से एक महिला को नौकरी का झांसा देकर सुनसान जगह ले जाकर बलात्कार करने और मोबाइल छीनने की वारदात कबूल की है। इसके अलावा, उसने वर्ष 2025 में ग्राम हिर्रवाह में एक महिला से सोने का मंगलसूत्र, 10,000 नगद और मोबाइल लूटने की घटना भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 1 लाख मूल्य
का लूटा हुआ सामान, जिसमें सोने के आभूषण और मोबाइल शामिल हैं, बरामद किया है। कार्रवाई में निरीक्षक अशोक सिंह परिहार, उपनिरीक्षक उदय करिहार, शिवम सिंह चौहान, रूपा अग्निहोत्री, पप्पू सिंह, रवि सिंह बघेल, अभिमन्यु उपाध्याय, संजू धुर्वे, पुष्कर पोरवाल, मनीष पांडेय तथा सायबर टीम प्रभारी पवन सिंह और प्रशांत केशरी की सराहनीय भूमिका रही।















