Singrauli News अवैध खनन पर माइनिंग विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 वाहन जप्त
कार्यवाही के दौरान भागता एक ट्रैक्टर पलटा

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली जिले में अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए माइनिंग विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। सहायक खनिज अधिकारी रामसुशील चौरसिया के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से खनिज परिवहन करते पांच वाहनों को जब्त किया गया। जब्त वाहनों को कोतवाली, विंध्यनगर और जयंत चौकी में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
कार्रवाई की जानकारी देते हुए खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि सभी वाहनों पर खनिज नियमों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर भागने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गया, हालांकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
सूत्रों के अनुसार, माइनिंग विभाग की सख्त कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े कारोबारी भूमिगत हो गए हैं। खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने स्पष्ट किया कि कलेक्टर गौरव बैनल के आदेश और विभागीय मार्गदर्शन के तहत क्षेत्र में किसी भी स्थिति में अवैध खनन नहीं चलने दिया जाएगा। विभाग का कहना है कि ऐसी कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी, ताकि जिले में अवैध खनन पर पूर्ण रोक लगाई जा सके।















