Singrauli News – बहेरीकला में वृद्ध के साथ मारपीट, सात वर्ष पुरानी जमा राशि लौटाने के विवाद में मामला तूल पर
ग्राम बहेरीकला निवासी वृद्ध ने बताया कि आरोपी बबुआराम बैस पिता तिरथ प्रसाद बैस पूर्व में एक बीमा कंपनी से जुड़ा हुआ था

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। माड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बहेरीकला निवासी एक वृद्ध ने गांव के ही व्यक्ति पर न सिर्फ पैसे हड़पने, बल्कि मारपीट कर गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले में थाना माड़ा पुलिस पर कार्रवाई न करने की शिकायत करते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बहेरीकला निवासी वृद्ध ने बताया कि आरोपी बबुआराम बैस पिता तिरथ प्रसाद बैस पूर्व में एक बीमा कंपनी से जुड़ा हुआ था। सात वर्ष पूर्व आरोपी ने प्रार्थी को बहला-फुसलाकर ₹1,00,000 (एक लाख रुपये) बीमा के नाम पर जमा कराए थे। समय पूरा हो जाने के बाद भी जब रकम वापस नहीं की गई तो वृद्ध ने अपने पैसे की मांग की। इस पर आरोपी ने केवल ₹40,000 रुपये लौटाए और शेष ₹60,000 रुपये देने से इंकार कर दिया।
वृद्ध का आरोप है कि जब उसने बाकी पैसे की मांग की तो 25 अगस्त 2025 को आरोपी ने उस पर लात-घूंसों से हमला कर दिया, जिससे उसके दाहिने हाथ की पसली (हंसूली) टूट गई। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट थाना माड़ा में दर्ज कराई, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रार्थी ने आरोप लगाया कि आरोपी राजनैतिक पहुंच वाला व्यक्ति है, जिसके कारण पुलिस कार्रवाई से बच रही है। थाना पुलिस का कहना है कि “ऊपर से आदेश लाओ, तभी कार्यवाही होगी” — ऐसे जवाब से पीड़ित बेहद परेशान है।
वृद्ध ने पुलिस अधीक्षक सिंगरौली से गुहार लगाई है कि आरोपी के खिलाफ शीघ्र कानूनी कार्यवाही कराई जाए और उसकी जमा की गई राशि वापस दिलाई जाए।















