Singrauli News अंधे मोड़ पर दो वाहनों में आमने-सामने टक्कर, भाभी-देवर गंभीर रूप से घायल, दो बच्चे बाल-बाल बचे
स्थानीयों ने कहाः नाली पर बनी दीवार के कारण बढ़ रहे हादसे, प्रशासन से हटवाने की मांग

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली-कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर गनियारी मार्ग पर रविवार की शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाभी देवर गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि स्कूटी पर सवार दो बच्चे बाल-बाल बच गए। दुर्घटना इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजेश कुमार सोनी (35 वर्ष) अपनी भाभी सुषमा सोनी (38 वर्ष) को उनके निवास शांतिनगर गनियारी छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे दुर्गेश सोनी नामक युवक की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में राजेश सोनी के सिर, पैर और शरीर में अंदरूनी गंभीर चोटें आई हैं, जबकि सुषमा सोनी को सिर और कमर में गहरी चोटें लगी हैं। दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल बैढ़न में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। बच्चों को मामूली खरोंचें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह घटना सचिन दवे के घर के पास हुई, जहाँ नाली के ऊपर दीवार खड़ी कर दी गई है। इससे यह स्थान अंधा मोड़ बन गया है, और सामने से आने वाले वाहन साफ दिखाई नहीं देते। यही कारण है कि इस क्षेत्र में अक्सर सड़क दुर्घटनाएँ होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि दीवार हटवाकर सड़क मार्ग को सुरक्षित बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसे दोबारा न हों।















