Singrauli News कलेक्टर की जनसुनवाई में उमड़ी फरियादियों की भीड़, नवागत कलेक्टर से जगी उम्मीद
सुबह 10:30 से शाम 4 बजे तक चला जनसुनवाई का सिलसिला, मौके पर ही कई मामलों का हुआ निराकरण

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिलेभर से आए फरियादियों की भारी भीड़ उमड़ी। नई उम्मीदों के साथ लोगों ने नवागत कलेक्टर गौरव बैनल के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। जनसुनवाई सुबह 10:30 बजे प्रारंभ हुई और शाम 4 बजे तक लगातार जारी रही। इस दौरान कलेक्टर ने एक-एक फरियादी की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री बैनल ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कोई भी नागरिक अनावश्यक रूप से परेशान न हो यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी । इस दौरान कुल 400 से अधिक पत्रों पर जनसुनवाई हुयी जनसुनवाई में जिले के विभिन्न अंचलों-देवसर, माड़ा, चितरंगी, निगरी और विंध्यनगर से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। इनमें भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, आवास योजना, वृद्धा पेंशन, बिजली, पानी एवं सड़क से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
कलेक्टर ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को पुराने लम्बित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने और जनता को राहत देने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान कई आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कुछ मामलों में जांच उपरांत निराकरण हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत जगदीश गोमे, संयुक्त कलेक्टर संजीव पांडे, एसडीएम सुरेश जादव, जिला अधिकारी एवं विभागीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जनसुनवाई के समापन पर कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि प्रशासन जनता की सेवा के लिए है, इसलिए प्रत्येक अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी फरियादी निराश होकर न लौटे। नवागत कलेक्टर की संवेदनशीलता और तत्परता को देखते हुए उपस्थित लोगों में भरोसे और उम्मीद का नया माहौल देखा गया।















