Singrauli News सिंगरौली में रेत माफियाओं पर शिकंजा खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रैक्टर जप्त
कलेक्टर श्री गौरव बैनल के सख्त निर्देशों पर खनिज विभाग की टीम लगातार क्षेत्रीय भ्रमण कर कार्रवाई कर रही है

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कलेक्टर श्री गौरव बैनल के सख्त निर्देशों पर खनिज विभाग की टीम लगातार क्षेत्रीय भ्रमण कर कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 01 नवम्बर 2025 को खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के मार्गदर्शन में सहायक खनि अधिकारी श्री रामसुशील चौरसिया ने रेत के अवैध उत्खनन एवं परिवहन की जांच की।
जांच के दौरान दो ट्रैक्टर — क्रमांक एम.पी. 66 जेड.बी. 4643 तथा बिना नंबर का सोनालिका डी.आई. 35 ट्रैक्टर — अवैध रेत परिवहन में संलग्न पाए गए। दोनों ट्रैक्टरों को मौके पर ही खनिज सहित जप्त कर पुलिस थाना कोतवाली बैढ़न में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, जप्त वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज नियम 1996 के तहत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
जिले में अवैध खनन की रोकथाम को लेकर प्रशासन सख्त रुख अपनाए हुए है। कलेक्टर गौरव बैनल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन या भंडारण में लिप्त किसी भी वाहन या व्यक्ति पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल ने बताया कि विभागीय दल द्वारा निरंतर निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है और ऐसे सभी मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जा रही है। प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि प्राकृतिक संसाधनों की लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















