Singrauli News – बरगवां सब्जी मंडी में स्वच्छता की पोल खुली, सालों से बंद सार्वजनिक शौचालय बना परेशानी का कारण
ताले में कैद स्वच्छता! बरगवां सब्जी मंडी का सार्वजनिक शौचालय सालों से बंद

By कार्यालय
सिंगरौली / बरगवां— नगर परिषद बरगवां की सब्जी मंडी में बना सार्वजनिक शौचालय वर्षों से ताले में बंद पड़ा है। हिंडालको प्रबंधन द्वारा निर्मित यह शौचालय आज आमजन के किसी काम का नहीं रह गया है। सब्जी मंडी में प्रतिदिन सैकड़ों लोग, विशेषकर महिलाएं, बुजुर्ग और दूर-दराज से आने वाले किसान पहुंचते हैं।
शौचालय बंद होने के कारण महिलाओं को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। मजबूरी में खुले में शौच की स्थिति बन रही है, जो स्वच्छ भारत अभियान की मंशा पर सवाल खड़े करती है और महिलाओं की गरिमा व सुरक्षा के लिए भी चिंता का विषय है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय का निर्माण केवल कागजी औपचारिकताओं और फोटो खिंचवाने तक सीमित रह गया। संचालन, रख-रखाव और चाबी की जिम्मेदारी अब तक तय नहीं की गई है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह शौचालय केवल दिखावे के लिए बनाया गया था? क्या स्वच्छ भारत अभियान और महिला सम्मान सिर्फ नारे बनकर रह गए हैं? जनता ने नगर परिषद बरगवां और हिंडालको प्रबंधन से मांग की है कि शौचालय को तत्काल आम उपयोग के लिए खोला जाए और नियमित सफाई व देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी भी दी जा रही है।















