Singrauli News – कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र करौटी का किया औचक निरीक्षण
किसानों से संवाद कर व्यवस्थाओं की ली जानकारी, प्रति दिवस धान परिवहन के दिए निर्देश

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली | 19 दिसंबर 2025 कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने गुरुवार को धान उपार्जन केंद्र करौटी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्र पर उपस्थित किसानों से सीधे संवाद कर व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली। किसानों ने एक स्वर में बताया कि उपार्जन केंद्र में किसी प्रकार की परेशानी नहीं है।
तौल-कांटा सुचारू रूप से संचालित हो रहा है, पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध है तथा स्लॉट बुकिंग की प्रक्रिया भी सहजता के साथ की जा रही है। किसानों ने यह भी बताया कि उपार्जन के दौरान किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि की मांग नहीं की जा रही है और वे बिना किसी बाधा के अपने धान की बिक्री कर पा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपार्जित धान की गुणवत्ता की मशीन के माध्यम से जांच कराई। साथ ही वजन की गई धान की बोरियों को अपने समक्ष पुनः तौलवाया, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गईं।
कलेक्टर ने मौके पर उपस्थित उपयुक्त सहकारिता एवं समिति प्रबंधक को निर्देश दिए कि बाहर रखी धान की बोरियों को आकस्मिक वर्षा से सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि धान भीगने की स्थिति पाई गई तो संबंधित प्रबंधक के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही केंद्र में तिरपाल की पर्याप्त व्यवस्था रखने एवं बारदाने की सतत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप आयुक्त सहकारिता को कड़े निर्देश देते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रति दिवस उपार्जित धान का अनिवार्य रूप से परिवहन कराया जाए तथा इसकी नियमित जानकारी प्रगति प्रतिवेदन के माध्यम से प्रस्तुत की जाए। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान उपयुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















