Singrauli News – सिंगरौली में पहली क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन, केन्द्रीय विद्यालय जयंत ओवरऑल विजेता
मुख्य अतिथि श्री एस. पी. तिलारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन,

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। सिंगरौली जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के तत्वावधान में सोमवार, 22 दिसंबर 2025 को अम्लोरी परियोजना क्षेत्र स्थित DAV ग्राउंड में प्रथम क्रॉस कंट्री दौड़ प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों, खेल अकादमियों एवं क्लबों से आए बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि CISF अम्लोरी के कमांडेंट श्री एस. पी. तिलारे उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में DAV अम्लोरी के उप-प्राचार्य मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिंगरौली जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री रणधीर सिंह ने की।
मुख्य अतिथि श्री एस. पी. तिलारे ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में अनुशासन, शारीरिक क्षमता और खेल भावना का विकास करती हैं तथा भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में सहायक होती हैं। विशिष्ट अतिथि ने भी आयोजन की सराहना करते हुए खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता का आयोजन पुरुष, महिला, अंडर-20, अंडर-18 एवं अंडर-16 आयु वर्गों में किया गया। विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस प्रतियोगिता में ओवरऑल विजेता का खिताब केन्द्रीय विद्यालय, केन्द्रीय कर्मशाला जयंत ने प्राप्त किया, जबकि दिल्ली पब्लिक स्कूल, निगाही उपविजेता रहा। आयोजन को सफल बनाने में श्री रमाशंकर प्रसाद, श्री सुरेश रजक, श्री सैफ अली, श्री यू. पी. सिंह, श्री फतेह सिंह, श्रीमती इंदु बालाजी, श्रीमती आशु कौर, श्रीमती पूनम सिंह, श्रीमती शिल्पी सिंह, श्रीमती काजल कौर, पूनम, कुसुम, गायत्री कुशवाह सहित अनेक पदाधिकारियों, कोचों, रेफरी, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा।
इसके अतिरिक्त नवानगर थाना एवं नगर पालिका सिंगरौली के सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी, तकनीकी अधिकारी, खेल शिक्षक, खिलाड़ी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में एसोसिएशन की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।















