Singrauli News – नववर्ष को सुरक्षित बनाने सिंगरौली पुलिस का बड़ा अभियान, माडा थाना द्वारा 63 अवैध शराब विक्रेताओं पर कार्रवाई, 284 लीटर शराब जब्त
आगामी 31 दिसंबर एवं नववर्ष के अवसर पर शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले सड़क हादसों को रोकने हेतु अवैध शराब बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। “नया साल सुरक्षित मनाएं” के संदेश के साथ सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं। शराब पीकर वाहन चलाना न केवल अपराध है, बल्कि यह स्वयं की और दूसरों की जान के लिए भी गंभीर खतरा है। नववर्ष पर Drink & Drive नहीं करने का संकल्प लेने की अपील सिंगरौली पुलिस द्वारा की गई है।
पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के निर्देश पर आगामी 31 दिसंबर एवं नववर्ष के अवसर पर शराब पीकर वाहन चलाने से होने वाले सड़क हादसों को रोकने हेतु अवैध शराब बेचने वाले विक्रेताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिंगरौली के दिशा-निर्देशन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सिंगरौली के मार्गदर्शन में थाना माड़ा प्रभारी द्वारा बीते एक सप्ताह में विशेष अभियान चलाया गया।
इस अभियान के तहत कुल 63 अवैध शराब विक्रेताओं से 284 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है। जब्त शराब में महुआ कच्ची शराब के साथ-साथ देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब शामिल है। दिनांक 29.12.2025 को सभी आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय बैढ़न में चालानी कार्रवाई की जा रही है।
थाना माड़ा पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर गोमती दुकानों, अंडे के ठेलों एवं अन्य स्थानों पर अवैध रूप से शराब बेचने वालों के खिलाफ छापेमारी की। सभी संबंधित विक्रेताओं को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि दोबारा शराब बेचते पाए गए तो उनके विरुद्ध और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दिनांकवार की गई कार्रवाई इस प्रकार है—
* 20.12.2025 को 04 शराब कारोबारियों से 25 लीटर अवैध महुआ शराब
* 21.12.2025 को 01 शराब कारोबारी से 03 लीटर अवैध देशी प्लेन शराब
* 22.12.2025 को 14 शराब कारोबारियों से 31 लीटर महुआ एवं 27 लीटर देशी प्लेन शराब
* 23.12.2025 को 03 शराब कारोबारियों से 11 लीटर अवैध महुआ शराब
* 24.12.2025 को 04 शराब कारोबारियों से 24 लीटर अवैध महुआ शराब
* 25.12.2025 को 04 शराब कारोबारियों से 12 लीटर देशी प्लेन एवं अंग्रेजी शराब
* 26.12.2025 को 10 शराब कारोबारियों से 33 लीटर अवैध महुआ एवं 26 लीटर देशी प्लेन शराब
* 27.12.2025 को 07 शराब कारोबारियों से 18 लीटर अवैध महुआ एवं 13.58 लीटर देशी प्लेन शराब
* 28.12.2025 को 16 शराब कारोबारियों से 24 लीटर अवैध महुआ एवं 37.75 लीटर देशी प्लेन व अंग्रेजी शराब
इस प्रकार कुल 155 लीटर महुआ शराब एवं 129 लीटर देशी प्लेन व अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
उल्लेखनीय भूमिका:
यह संपूर्ण कार्रवाई थाना माड़ा एवं बंधौरा चौकी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की लगातार, सुनियोजित एवं प्रभावी कार्यवाही से संभव हो सकी। सिंगरौली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नववर्ष को सुरक्षित और खुशहाल बनाएं, नियमों का पालन करें और Drink & Drive से बचें।















