Singrauli News – जियावन थाना क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार बेलगाम, थाना के सामने से दिनदहाड़े गुजर रही रेत की खेप
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल थाने के सामने हो रहा है

Office Bargawan
सिंगरौली जिले के जियावन थाना क्षेत्र में अवैध रेत कारोबार खुलेआम फलता-फूलता नजर आ रहा है। हालात ऐसे बन चुके हैं कि रेत माफियाओं को न कानून का डर है और न ही पुलिस का। ताजा मामला तब सामने आया जब दिनदहाड़े थाना परिसर के ठीक सामने से रेत से लदे ट्रैक्टर बेखौफ होकर गुजरते नजर आए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल थाने के सामने हो रहा है, इसके बावजूद न तो कोई कार्रवाई की गई और न ही रेत परिवहन को रोका गया। इससे आम जनता में यह सवाल उठने लगे हैं कि क्या जियावन थाना प्रभारी को इस अवैध कारोबार की जानकारी नहीं है या फिर सब कुछ उनकी सहमति से चल रहा है?
स्थानीय लोगों में चर्चाएं है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का खेल चल रहा है, लेकिन पुलिस की ओर से ठोस कार्रवाई न होने के कारण रेत कारोबारियों के हौसले दिन-ब-दिन बुलंद होते जा रहे हैं। यदि प्रशासन सख्त होता तो थाने के सामने से इस तरह खुलेआम रेत से लदे ट्रैक्टर गुजरने की हिम्मत कोई नहीं करता।
यह पूरा मामला पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है और उच्च अधिकारियों के हस्तक्षेप की मांग करता है। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो अवैध रेत कारोबार जिले में और भी विकराल रूप ले सकता है।















