Singrauli News हिंडालको महान बरगवां में चीते की दहशत, एक हफ्ते से मजदूर सदमे में बरगवां
ताया जा रहा है कि औद्योगिक क्षेत्र के आसपास और भीतर चीते की गतिविधियां देखी गई हैं

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली जिले के बरगवां क्षेत्र स्थित हिंडालको महान परिसर में बीते करीब एक सप्ताह से चीते (शेर) की मौजूदगी ने मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत फैला दी है। बताया जा रहा है कि औद्योगिक क्षेत्र के आसपास और भीतर चीते की गतिविधियां देखी गई हैं, जिसके कारण सैकड़ों मजदूर भय के साये में काम करने को मजबूर हैं।
स्थानीय मजदूरों का कहना है कि वे रोज़ अपनी जान जोखिम में डालकर ड्यूटी पर जा रहे हैं। अब तक न तो हिंडालको प्रबंधन द्वारा कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था की गई है और न ही वन विभाग चीते को पकड़ने में सफल हो सका है। प्रबंधन की ओर से केवल सीसीटीवी कैमरे लगाने की बातें कही जा रही हैं, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतना बड़ा जंगली जानवर औद्योगिक परिसर के अंदर आखिर कैसे पहुंचा।
मजदूरों और स्थानीय नागरिकों में इस बात को लेकर गहरी नाराजगी है कि यदि कोई बड़ी और दुखद घटना घटती है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। लोगों का आरोप है कि हिंडालको प्रबंधन मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं दिख रहा और प्रशासनिक कार्रवाई के अभाव में हालात लगातार चिंताजनक होते जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, वन विभाग और राज्य सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द चीते को सुरक्षित तरीके से पकड़कर इलाके को खतरे से मुक्त किया जाए। साथ ही औद्योगिक परिसर में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा के लिए स्थायी और प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।















