Singrauli News – खुटार बाजार में बाइक टकराने के विवाद में चाकू से हमला, तीन घायल – दो आरोपी पुलिस अभिरक्षा में

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली खुटार। दिनांक 04 मार्च 2026 को खुटार बाजार स्थित पोखरा गली के पास दोपहर लगभग 3 बजे मोटरसाइकिल टकराने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि रुद्र प्रताप सिंह गहरवार एवं अखिलेश शाह ने विवाद के दौरान रविंद्र कुमार शाह, धर्मेंद्र कुमार शाह और विकेश कुमार शाह (सभी निवासी खुटार) पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109 के तहत मुकदमा पंजीबद्ध कर उन्हें पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में विस्तृत जांच की जा रही है तथा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
















