बरगवां रेलवे पटरी पर मिला युवक का शव, पहचान अब भी अज्ञात
ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका, शव क्षत-विक्षत हालत में बरामद; पुलिस जांच में जुटी

गूंज सिंगरौली की पत्रिका कार्यालय बरगवां
राज कुमार कुशवाहा
सिंगरौली/ बरगवां थाना क्षेत्र में देर रात रेलवे पटरी पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव सब्जी मंडी के पीछे रेलवे अंडरब्रिज के पास पटरी पर मिला। प्रारंभिक तौर पर युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से होना बताया जा रहा है।
शव बुरी तरह क्षत-विक्षत अवस्था में मिला, जिसके कारण मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मृतक कौन था और वह रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंचा।
फिलहाल घटना को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों का खुलासा हो सकेगा।














