सिंगरौली में बस स्टैंड में खड़ी दो बसों में लगी आग, एक की मौत
सोमवार की देर रात सिंगरौली के बैंढन बस स्टैंड में खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई।

सोमवार की देर रात सिंगरौली के बैंढन बस स्टैंड में खड़ी दो बसों में अचानक आग लग गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। आग लगने का कारण अभी तक अज्ञात है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड में खड़ी विजय बस में सबसे पहले आग लगी थी, जिसके बाद बगल में खड़ी सिद्दीकी बस भी आग की चपेट में आ गई। इस हादसे में विजय बस का खलासी हरीश पनिका की जलकर मौत हो गई।
आग लगने के बाद बस स्टैंड में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया था। राहत की बात यह रही कि बस स्टैंड में खड़ी अन्य बसें चालक लेकर दूर चले गये, नहीं तो आग की लपटें इतनी तेज थी कि कई और बसों को अपने आगोश में ले लेती।
आग की वजह से पूरे क्षेत्र में काला धुआं छाया रहा। स्थानीयजनों द्वारा आग लगने की सूचना पुलिस और नगर निगम के दमकल अमले को दी गई, लेकिन दमकल वाहन के पहुंचने में देरी होने से देखते ही देखते दोनों बसें जलकर पूरी तरह से नष्ट हो गईं।
मौके पर पहुंचे ट्रैफिक टीआई दीपेंद्र सिंह, जयंत चौकी प्रभारी सुधाकर सिंह परिहार ने फायर अमले के साथ मिलकर आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझाई गई तब तक दोनों बसें जलकर राख हो चुकी थीं।















