Singrauli News – बरगवां नगर परिषद की कार्यवाही पर उठे सवाल — अतिक्रमण फिर लौट आया सड़कों पर, अधिकारी बन रहे मूकदर्शक
कुछ दिन पहले नगर परिषद ने सड़कों के किनारे दुकाने और ठेले लगाने वाले पथ विक्रेताओं पर कार्यवाही करते हुए हिदायत दी थी कि मुख्य मार्गों पर कोई भी अतिक्रमण न करें

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली। बरगवां नगर परिषद की अतिक्रमण विरोधी कार्यवाही अब महज औपचारिकता बनकर रह गई है। कुछ दिन पहले नगर परिषद ने सड़कों के किनारे दुकाने और ठेले लगाने वाले पथ विक्रेताओं पर कार्यवाही करते हुए हिदायत दी थी कि मुख्य मार्गों पर कोई भी अतिक्रमण न करें। लेकिन यह कार्रवाई केवल कुछ दिनों तक ही असर दिखा पाई। अब एक बार फिर सड़कों पर ठेले, खोमचे और अस्थायी दुकानें लग चुकी हैं, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कागजों में सिमटी कार्यवाही, अधिकारी बने दर्शक
नगर परिषद बरगवां में नए सीएमओ के पदभार संभालने के बाद शुरुआत में सख्त कार्यशैली की चर्चा जरूर हुई, लेकिन अब वह सख्ती कागजों तक ही सीमित नजर आ रही है। सीमित और दिखावटी कार्यवाहियों को बड़ी उपलब्धि बताकर अधिकारी खुद की तारीफ करते नहीं थकते।
जनसमस्याओं से ज्यादा स्वागत सत्कार में व्यस्त सीएमओ
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि नगर परिषद के नए सीएमओ अंकित उक्के आम जनता की समस्याओं पर ध्यान देने की बजाय वरिष्ठ अधिकारियों और नेताओं की “मेहमाननवाजी” में ज्यादा व्यस्त रहते हैं। आम लोगों को अपनी शिकायत लेकर मिलने तक का मौका नहीं मिल पाता।
नगर परिषद की लापरवाही और ढिलाई के कारण अतिक्रमण की समस्या फिर से गहराने लगी है, जिससे न केवल यातायात बाधित हो रहा है बल्कि नगर की स्वच्छता और सुंदरता पर भी ग्रहण लग गया है।















