सिंगरौली

SINGRAULI NEWS:खून से लाल हुई मोहब्बत! बरगवां में प्रेमिका ने रची साजिश, प्रेमी को घर बुलाकर कुल्हाड़ी से काटा पैर – मां, भाई और चाचा के साथ मिलकर खेत में फेंका, 4 आरोपी गिरफ्तार

बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा में प्रेम प्रसंग ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दे दिया।


गूंज सिंगरौली की पत्रिका कार्यालय बरगवां

सिंगरौली। बरगवां थाना क्षेत्र के ग्राम पोखरा में प्रेम प्रसंग ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को जन्म दे दिया। प्रेमिका और उसके परिवार ने मिलकर 20 वर्षीय युवक संदीप यादव को घर बुलाया, पहले बिजली का करंट दिया, फिर बेरहमी से लाठी-डंडों से पीटा और अंत में कुल्हाड़ी से उसका बायां पैर काट दिया। गंभीर हालत में युवक को खेत में फेंक दिया गया, जहां बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या कांड में प्रेमिका समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार 27-28 फरवरी की दरम्यानी रात ग्राम पोखरा में यह निर्मम घटना हुई। 28 फरवरी की सुबह करीब 6 बजे ग्रामीणों ने सूचना दी कि परमानंद बैस के खेत में एक युवक बेहोशी की हालत में पड़ा है, जिसका पैर कटा हुआ है और शरीर पर गंभीर चोटें हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल संदीप यादव निवासी घिनहागांव को तत्काल जिला अस्पताल बैढ़न भेजा गया। हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। एसडीओपी सिंगरौली गौरव पाण्डेय, एसडीओपी चितरंगी राहुल सैयाम और डीएसपी रोशनी पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी जांच, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल की मदद से साक्ष्य जुटाए।

जांच में सामने आया कि मृतक संदीप यादव और आरोपी पूजा पनिका के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी बीच पूजा की शादी उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में तय हो गई। संदीप इसका विरोध कर रहा था और पूजा पर शादी करने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान होकर पूजा ने पूरी बात अपने परिवार को बता दी।

इसके बाद पूजा पनिका, उसकी मां मुन्नी देवी, भाई मेलासागर पनिका और चाचा भोलानाथ पनिका ने मिलकर संदीप को रास्ते से हटाने की योजना बना ली। योजना के तहत पूजा ने संदीप को अपने घर बुलाया। वहां पहुंचते ही चारों ने उसे पकड़ लिया और समझाने लगे, लेकिन जब वह नहीं माना तो उसे करंट दिया गया और बेरहमी से मारपीट की गई।

गुस्से में आकर भोलानाथ पनिका ने कुल्हाड़ी से संदीप का बायां पैर काट दिया। अत्यधिक खून बहने से संदीप बेहोश हो गया तो आरोपियों ने उसे मृत समझकर पास के अरहर के खेत में फेंक दिया और उसके कपड़े जला दिए, ताकि घटना को करंट से हुई दुर्घटना बताया जा सके।

लेकिन पुलिस की बारीक जांच और तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों की पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया। पूछताछ में चारों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त लाठी, कुल्हाड़ी, बिजली का तार और मोबाइल भी बरामद किया है।

पुलिस ने चारों आरोपियों को 7 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्हें पुलिस अधीक्षक द्वारा 10 हजार रुपये के नगद इनाम से पुरस्कृत किया जाएगा।

GSK NEWS

लाले विश्वकर्मा, "गूँज सिंगरौली की" डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close