Singrauli News – नगर परिषद बरगवां में फर्जी हाजिरी और ड्यूटी घोटाले का खुलासा, पार्षद बैठक में उठा बड़ा सवाल
यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई

By सोनू विश्वकर्मा
सिंगरौली नगर परिषद बरगवां एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं को लेकर सुर्खियों में है। विकास कार्यों की समीक्षा के लिए आयोजित पार्षद बैठक में कर्मचारियों की फर्जी हाजिरी, गैरहाजिर रहते हुए वेतन भुगतान और ड्यूटी घोटाले से जुड़े चौंकाने वाले तथ्य सामने आए जिससे बैठक में हंगामे की स्थिति बन गई।

बैठक में पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद में कई कर्मचारी नियमित रूप से ड्यूटी पर उपस्थित नहीं रहते इसके बावजूद उन्हें पूरा वेतन दिया जा रहा है। इतना ही नहीं कुछ कर्मचारी परिषद से वेतन लेते हुए किसी अन्य स्थान पर कार्यरत हैं। यह स्थिति लंबे समय से बनी हुई है लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब एक कर्मचारी ने कथित तौर पर यह स्वीकार किया कि वह नगर निगम सिंगरौली की महापौर रानी अग्रवाल के निवास पर झाडू-पोछा करता है जबकि उसका वेतन नगर परिषद बरगवां से जारी होता है।

यदि यह आरोप सही साबित होता है तो यह सरकारी धन के दुरुपयोग और प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला बनता है। पार्षदों ने सवाल उठाया कि नगर परिषद को अस्तित्व में आए लगभग तीन वर्ष हो चुके हैं, ऐसे में यदि यह गड़बड़ियां पहले से चल रही थीं तो जिम्मेदार अधिकारियों ने अब तक चुप्पी क्यों साधे रखी? बैठक में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पार्षदों ने कहा कि यदि समय रहते इस तरह की अनियमितताओं पर रोक नहीं लगाई गई तो इससे नगर परिषद की कार्यप्रणाली और जनता का भरोसा दोनों प्रभावित होंगे। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और दोषियों पर कब तक कार्रवाई होती है।














