मध्य प्रदेशसिंगरौली

Singrauli News – मौतों पर बेशर्म चुप्पी! हिंडाल्को के कोल वाहनों ने मचाया मौत का तांडव, जवाब देने से भागे अधिकारी

धरना प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी ने जिला कलेक्टर के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

By सोनू विश्वकर्मा

सिंगरौली जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में कोल वाहनों की बेलगाम रफ्तार अब आम जनता के लिए काल बन चुकी है। गांवों के बीच से गुजरते भारी ट्रेलर लगातार सड़क हादसों को जन्म दे रहे हैं और लोगों की जान जा रही है। हाल ही में बड़ोखर (गोदवाली) पेट्रोल पंप के पास कोल वाहन की चपेट में आने से एक दंपति की दर्दनाक मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे के बाद गुस्सा इस कदर भड़का कि लोगों ने इसे सीधा कंपनी की लापरवाही और प्रशासन की नाकामी बताया।

इस घटना के विरोध में भीम आर्मी ने हिंडाल्को कंपनी के 03 नंबर गेट पर जोरदार प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। संगठन ने दो टूक चेतावनी दी कि जब तक जनता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं होती, आंदोलन और उग्र होगा। लगातार हो रही मौतों ने साफ कर दिया है कि हिंडाल्को का कोल परिवहन सिस्टम जनता की जान के साथ खुला खिलवाड़ कर रहा है।

धरना प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी ने जिला कलेक्टर के नाम 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। इसमें गोदवाली-बड़ोखर मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाने, ट्रेलरों का मार्ग गांव से हटाकर कंपनी के निजी मार्ग पर करने की मांग प्रमुख रही। संगठन का कहना है कि गांव के बीच से गुजरते ट्रेलर अब मौत के चलती फिरती मशीन बन चुके हैं।

भीम आर्मी ने सड़क पर स्पीड ब्रेकर, बैरिकेडिंग, सुरक्षा संकेत बोर्ड, सीसीटीवी कैमरे और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की मांग भी उठाई। साथ ही राखड़ की नियमित सफाई, पानी छिड़काव और परिवहन के आगे-पीछे कनवाई वाहन लगाने जैसी मांगें रखी गईं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिना किसी नियंत्रण के कोल वाहनों की तेज रफ्तार हर दिन नई मौत को न्योता दे रही है। सबसे शर्मनाक पहलू यह रहा कि हादसे के बाद भी हिंडाल्को प्रबंधन ने पूरी तरह चुप्पी साध ली। मौतों के बावजूद न कोई संवेदना, और न ही कोई जिम्मेदारी सामने आई। जनता सवाल कर रही है कि आखिर कंपनी कब तक मौतों पर पर्दा डालती रहेगी? मीडिया ने जब मौके पर मौजूद कंपनी अधिकारी से ऑन कैमरा जवाब मांगा तो वह सवालों से बचता रहा, यहां तक कि अपना नाम बताने तक से पीछे हट गया। यह रवैया साफ दर्शाता है कि हिंडाल्को के अधिकारी जवाबदेही से भागने में माहिर हैं और जनता के सामने सच बोलने का साहस नहीं रखते। गौरतलब हो कि इससे पहले भी हिंडाल्को के सीएसआर हेड संजय सिंह का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें मीडिया कवरेज रोकने जैसी बातें सामने आई थीं। लगातार मौतें, प्रशासनिक लापरवाही और कंपनी का गैर-जिम्मेदाराना रवैया अब जनआक्रोश को विस्फोट की ओर ले जा रहा है। अगर समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो हिंडाल्को को आने वाले दिनों में बड़े आंदोलन और भारी संकट का सामना करना तय है।

इस विरोध प्रदर्शन में

ग्राम पंचायत बड़ोखर के उपसरपंच अंबिका प्रसाद विश्वकर्मा, भीम आर्मी जिला अध्यक्ष संजय साकेत, सचिव उमेश साकेत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि क्षेत्रवासियों की जान की कीमत पर कंपनी का कारोबार नहीं चलने दिया जाएगा।

GSK NEWS

लाले विश्वकर्मा, "गूँज सिंगरौली की" डिजिटल न्यूज़ पोर्टल के प्रधान संपादक और संस्थापक सदस्य हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और वे निष्पक्ष एवं जनसेवा भाव से समाचार प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *