Singrauli News – सिंगरौली में सोने के भंडार: नीलामी के बाद खदान में उतरी मशीन खुदाई का काम शुरू, सरकार को मिलेगा बड़ा राजस्व
सिंगरौली : देश में ऊर्जाधानी के नाम से मशहूर मध्यप्रदेश का जिला सिंगरौली फिर चर्चा में है. सिंगरौली जिले की धरती अब कोयले के बाद सोना उगलने की तैयारी में है

By लाले विश्वकर्मा
सिंगरौली : देश में ऊर्जाधानी के नाम से मशहूर मध्यप्रदेश का जिला सिंगरौली फिर चर्चा में है. सिंगरौली जिले की धरती अब कोयले के बाद सोना उगलने की तैयारी में है. सिंगरौली जिले में गोल्ड खदानों की नीलामी पूरी होने के बाद खुदाई का काम शुरू हो गया है. खदानों में मशीनों ने काम करना शुरू कर दिया है.
सोने की चारों खदानें अलग-अलग कंपनियों को आवंटित की गई हैं. इन कंपनियां ने मशीनों से खदानों में काम तेज गति से शुरू कर दिया है.
सिंगरौली में सोने की 4 खदानों की नीलामी
बता दें कि सिंगरौली जिले ने कोयला खदानों और विद्युत तापीय परियोजनाओं से देश में अपनी अलग पहचान बनाई है. खनिज संपदा से भरपूर सिंगरौली जिला देश के कई क्षेत्रों में कोयला सप्लाई कर देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने का कार्य कर रहा है. अब सिंगरौली में कोयले के बाद सोना उगलने की बारी है. इसके लिए 4 खदानों की नीलामी प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. शुरुआती दौर की खुदाई का कार्य भी खनिज विभाग के देखरेख में शुरू कर दिया गया है . सर्वे रिपोर्ट के बाद सिंगरौली जिले में ये 4 खदानें स्वीकृत की गई थीं.
सोने की चारों खदानों में मशीनों से खुदाई शुरू
सिंगरौली जिले में चकरिया गोल्ड ब्लॉक और सिल्फोरी सिधार गांव का गूढहर पहाड़ की नीलामी पिछले साल की जा चुकी है. 2 अन्य खदानें अमिलहवा गोल्ड ब्लॉक और चुनपुरवा गोल्ड ब्लॉक यानी कुल 4 खदानों की नीलामी पूरी हो चुकी है. खुदाई के कार्य के लिए स्पॉट पर मशीनों ने अपना काम करना शुरू कर दिया है. इन खदानों में प्रति टन मैटेरियल से 1.02 से 1.5 ग्राम तक सोना निकलने की संभावना जताई गई है
सरकार को मिलेगा हर साल ढाई सौ करोड़ राजस्व
बता दें कि सिंगरौली जिले से कोयले की खदानों से हाल ही में मोटा राजस्व मिला है. इस मामले में सिंगरौली जिला प्रदेश में अव्वल रहा है. अब सोने की खदानों से राजस्व की प्राप्ति और बढ़ जाएगी. सहायक खनिज अधिकारी कपिल मुनि शुक्ला का कहना है “सोने की खदानों से राज्य सरकार को हर साल 250 करोड़ रुपए का राजस्व मिलने की संभावना है.”















