Singrauli News: गनियारी-बलियरी में रात भर गूंजती ट्रैक्टरों की गड़गड़ाहट, अवैध रेत कारोबार से त्रस्त नागरिक – पुलिस बेखबर या शामिल?”
रात भर ट्रैक्टरों की आवाज और धमा-चौकड़ी ने क्षेत्रवासियों की नींद हराम कर रखी है

सिंगरौली, कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बैढ़न के गनियारी एवं बलियरी मोहल्ले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन का गोरखधंधा चरम पर है। रात भर ट्रैक्टरों की आवाज और धमा-चौकड़ी ने क्षेत्रवासियों की नींद हराम कर रखी है। हैरानी की बात यह है कि पुलिस और खनिज विभाग पूरी तरह अनजान बने हुए हैं, जबकि रेत माफिया खुलेआम सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बीते कई दिनों से रात के समय भारी संख्या में ट्रैक्टर रेत लादकर गनियारी व बलियरी मार्ग से लगातार आवाजाही कर रहे हैं। इनकी तेज आवाज से मोहल्ले के लोग सो नहीं पा रहे हैं। पुलिस प्रशासन की तरफ से बार-बार दावा किया जाता है कि क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पूरी तरह बंद है, लेकिन जमीन पर स्थिति इसके उलट नजर आ रही है।
रेत माफियाओं को मिल रहा संरक्षण?
चर्चा यह भी है कि अवैध रेत कारोबार पुलिस संरक्षण में फल-फूल रहा है। कुछ दिन पूर्व रेत ठेकेदार के स्टाफ और कथित अवैध कारोबारियों के बीच हुई मारपीट ने इस गोरखधंधे की परतें खोल दीं। अगर रेत का अवैध व्यापार नहीं हो रहा है, तो फिर विवाद की वजह क्या थी? इस सवाल का जवाब अब तक प्रशासन नहीं दे पाया है।
प्रदेश सरकार की साख पर बट्टा
स्थानीय प्रबुद्ध नागरिकों का कहना है कि कोतवाली पुलिस और संबंधित अधिकारी न केवल प्रदेश सरकार को बदनाम कर रहे हैं, बल्कि भाजपा नेताओं की भी छवि को धूमिल कर रहे हैं। नागरिकों ने रीवा आईजी से तत्काल हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बहाल हो सके और रेत माफियाओं पर लगाम लगे।















