सरई थाना प्रभारी का विवादित बयान – कहा, ‘हत्या की कोई गारंटी नहीं लेता दादा
दो माह पूर्व हुई इस जघन्य हत्या का अब तक खुलासा नहीं होने से नाराज़ परिजनों ने मृतक की अस्थियाँ सरई थाने के सामने रखकर धरना शुरू कर दिया

सिंगरौली, सरई थाना क्षेत्र: पुष्पेंद्र शाह हत्याकांड को लेकर सिंगरौली जिले में एक बार फिर जनआक्रोश भड़क उठा है। दो माह पूर्व हुई इस जघन्य हत्या का अब तक खुलासा नहीं होने से नाराज़ परिजनों ने मृतक की अस्थियाँ सरई थाने के सामने रखकर धरना शुरू कर दिया। परिजनों की मांग है कि हत्यारों को जल्द गिरफ्तार किया जाए और न्याय मिले।
धरने के दौरान जब सरई थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने की कोशिश की, तब उन्होंने बेहद गैर जिम्मेदाराना बयान दे डाला। थाना प्रभारी ने कहा – दादा, घटना की कोई गारंटी नहीं लेता। कोरोना और भूकंप की घटनाएं भी अचानक हो जाती हैं।”
इतना ही नहीं, उन्होंने आगे यह भी कहा कि –आरोपी मिला तो हमारे जूते के नीचे होगा
थाना प्रभारी की यह टिप्पणी हत्या जैसे गंभीर अपराध की तुलना प्राकृतिक आपदाओं से करने जैसी मानी जा रही है, जिसे लेकर परिजन और स्थानीय लोग और अधिक आक्रोशित हो गए।
घटना के बाद थाना प्रभारी का यह विवादित बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कई स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस बयान को शर्मनाक और असंवेदनशील बताया है।
परिजनों का कहना है कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। वहीं आम जनता भी पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रही है।















