Singrauli News स्मार्ट सिटी या डूबता शहर? 20 मिनट की बारिश से खुली हकीकत
सड़कें बनी तालाब, गंदे पानी से परेशान हुए राहगीर

सिंगरौली। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे हुई महज 20 मिनट की बारिश ने सिंगरौली शहर को अस्त-व्यस्त कर दिया। थोड़ी सी बरसात ने ही नगर निगम की “मिनी स्मार्ट सिटी” के दावों की हकीकत सामने रख दी। शहर की प्रमुख सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं और जगह-जगह जलभराव ने राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी।
कलेक्ट्रेट से लेकर नगर निगम तक डूबा इलाका
बारिश के बाद शहर के सबसे महत्वपूर्ण स्थान एसपी ऑफिस, कलेक्ट्रेट और नगर निगम कार्यालय के सामने तक घुटनों तक पानी भर गया। यही नहीं, ताली इलाके, कॉलेज चौराहा और डीएवी रोड पर भी नालियों के ओवरफ्लो होने से तेजी से पानी भर गया।
स्थानीय लोग बोले– जिम्मेदार नगर निगम
स्थानीय निवासी अवनीश तिवारी ने नाराजगी जताते हुए कहा कि यह समस्या हर बरसात में दोहराई जाती है। नगर निगम के इंजीनियरों की लापरवाही और गलत नियोजन के कारण हल्की बारिश में भी सड़कें जलमग्न हो जाती हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब मुख्यालय के आसपास यह हाल है, तो बाकी कॉलोनियों और बस्तियों की स्थिति कितनी खराब होगी, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
नगर निगम कमिश्नर का बयान
इस पूरे मामले पर नगर निगम कमिश्नर सविता प्रधान ने कहा कि समस्या की जानकारी उन्हें मिली है। फिलहाल वह शहर से बाहर हैं और एक-दो दिन में लौटने पर जलभराव की समस्या का समाधान निकालने और भविष्य में इस स्थिति से निपटने की योजना पर काम करने का प्रयास करेंगी।
जनता में नाराजगी
बारिश से हुए जलभराव के चलते राहगीरों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई जगह वाहन बंद हो गए और जाम की स्थिति भी बन गई। लोगों का कहना है कि हर बार जिम्मेदार अधिकारी आश्वासन देते हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाते।