Singrauli News – सिंगरौली से बड़ी खबर : शासन चौकी प्रभारी के संरक्षण में फल-फूल रहा रेत का अवैध कारोबार, पुलिस बनी मूक दर्शक
इन अवैध ट्रैक्टरों से न केवल सड़कें जर्जर हो रही हैं, बल्कि सरकार को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है।

सिंगरौली। शासन चौकी क्षेत्र में खुलेआम रेत का अवैध उत्खनन और परिवहन जारी है। क्षेत्र की नदियों और नालों से पूरी रात ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत की ढुलाई धड़ल्ले से की जा रही है, लेकिन चौकी प्रभारी और उनकी टीम इस अवैध कारोबार पर पूरी तरह मौन है।
ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि शासन चौकी पुलिस और रेत कारोबारियों के बीच गहरी सांठगांठ है। प्रत्येक ट्रैक्टर से महीना वसूला जाता है, जिसके चलते यह कारोबार तेजी से फलता-फूलता जा रहा है। सवाल यह उठता है कि क्या पुलिस वाकई में इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए इच्छुक है या फिर खुद इस खेल की हिस्सेदार बन चुकी है?
स्थानीय लोगों ने बताया कि शासन क्षेत्र में रातभर दर्जनों ट्रैक्टर बिना नंबर प्लेट के रेत ढोते हैं। बेतार फोन से जुड़े नेटवर्क के कारण जब भी कार्रवाई की भनक लगती है, ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रेत से लदे ट्रैक्टरों की तेज रफ्तार से कभी भी बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
इन अवैध ट्रैक्टरों से न केवल सड़कें जर्जर हो रही हैं, बल्कि सरकार को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है। इसके बावजूद चौकी प्रभारी द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो क्षेत्र की नदियों का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा।
जनता ने प्रशासन और उच्च पुलिस अधिकारियों से मांग की है कि शासन चौकी क्षेत्र में चल रहे इस रेत के अवैध कारोबार की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए तथा चौकी प्रभारी सहित संबंधित जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।















